पड़ोस के किशोर के साथ देख पिता ने नाबालिग बेटी की गला दबाकर ह्त्या कर दी।  झूठी आन के लिए हुई हत्या में परिजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। 

ऑनर किलिंग: पड़ोसी के साथ देखा तो नाबालिग बेटी को मार डाला

जिला फ़िरोज़ाबाद थाना टूंडला क्षेत्र  के  गाँव मोहम्मदाबाद निवासी ओमप्रकाश उर्फ़ गुड्डा भैंसा बुग्गी चलाता है।  उसकी 13 साल की बेटी बालिका इण्टर कॉलेज में कक्षा सात की छात्रा  थी।  उसका पड़ोस में रहने वाले छात्र से प्रेम प्रसंग चल रहा था।  जानकारी होने पर परिजनों ने उसके घर से निकलने और छात्र से मिलने पर रोक लगा दी।  सोमवार को रात करीब 10 बज़े छात्रा मौका पा कर प्रेमी के घर पहुँच गई।  उधर किशोरी के परिजन भी उसके पीछे मौके पर पहुँच गए। प्रेमी के साथ बेटी को   देख कर ओमप्रकाश ने बेटी को जमकर पीटा।  उसके बाद गला दबाकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी पिता ने बेटी के शव को खेत में ले जा कर फूंक दिया।

बुग्गी चलाकर अपने परिवार का भरण पोषण करने वाले पिता ओमप्रकाश ने गुस्से में परिवार की लाड़ली को ही मौत के घाट उतार दिया।  मृतका प्रतिभाशाली छात्रा थी।  उसके जाने का दुःख परिवार पर कहर बनकर टूट पड़ा है।  छात्रा की माँ का रो-रो कर बुरा हाल है।  घटना के बाद पड़ोस में रहने वाले किशोर के परिजन भी फरार हो गए। मृतका  की माँ  अकेली घर पर रह गई।  मंगलवार सुबह  गाँव के चौकीदार ने घटना की सूचना पुलिस को दी। 

मामला ऑनर किलिंग का है। अब तक जानकारी मिली है कि छात्रा की गला दबाकर हत्या की गई है। मामले में पुलिस मृतका छात्रा के परिजनों के खिलाफ हत्या एवं साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से  शव जलाने की रिपोर्ट दर्ज की गई है।  मौके पर मिले शव के अवशेषों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।  फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य एकत्रित किए हैं।  जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जायेगा।  ज्ञानेंद्र कुमार, थाना प्रभारी टूंडला (फ़िरोज़ाबाद)

फिंगर प्रिंट  फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

पुलिस ने मौके पर पड़ताल के लिए फिंगर प्रिंट टीम और फोरेंसिक टीम को भी पर बुला लिया है।  फिंगर प्रिंट टीम और फोरेंसिक टीम ने मृतका छात्रा के घर, उसके प्रेमी छात्र के घर एवं साक्ष्य जुटाए हैं।  टीम जल्द ही अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। 

माँ बदलती रही बयान

मृतका छात्रा की माँ नितेश देवी से पुलिस ने पूछताछ की, लेकिन वह  कुछ भी बताने में असमर्थ थी।  कभी एकदम शांत तो कभी रोते  हुए बस   बोल रही थी कि मेरी लाड़ली चली गई।