रमजान का चांद देखने पानी की टंकी पर चढ़े युवक की गिरकर मौत
संभल के नखासा थाना इलाके में रमजान से पहले चांद देखने पानी की टंकी पर चढ़े युवक की मौत हो गई। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
रमजान का चाँद देखते वक्त हुआ हादसा, हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल।
कोरोना संकट के बीच पाक रमजान और रोजे का महीना शनिवार से शुरू हो जाएगा। एदार ए शरिया के महासचिव मौलाना कुतुबुद्दीन रिजवी और इमारत ए शरिया के मुफ्ती अनवर कासमी ने शुक्रवार को रमजान उल मुबारक महीने का चांद देखे जाने की घोषणा कर दी है। इस हिसाब से रमजान उल मुबारक महीने का पहला रोजा शनिवार को रखा जाएगा।
नखासा थाना क्षेत्र के मोहल्ला दीपासराय के गैरतपुरा निवासी लबीब (24) पुत्र हाजी कासिम शुक्रवार की देर शाम अपने कुछ दोस्तों के साथ घर के पास ही पानी की टंकी पर चढ़ा और चांद देखने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान लबीब का पैर फिसल गया और वह पानी की टंकी से नीचे आकर गिर गया। उस दौरान घटनास्थल पर मौजूद लोग भी नीचे आ गए और घायल अवस्था में उसे शहर के निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे। जहां पर डॉक्टर ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। लबीब की मौत की खबर जैसे ही परिवार के अन्य लोगों को मिली तो उनमें कोहराम मच गया। परिजनों ने पुलिस को हादसे की सूचना नहीं दी हैै। थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह धामा ने बताया कि हादसे की जानकारी नहीं है। जानकारी की जा रही है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

